16 जून, 2008

नई रचना........


सारथी आज भी श्रीकृष्ण रहे,
पर महाभारत के दिग्गज यहाँ नहीं थे-
थी एक पत्थर हो गई माँ और उसके मकसद,
विरोध में संस्कारहीन घेरे थे...........
कृष्ण ने गीता का ही सार दिया,
और दुर्गा का रूप दिया,
भीष्म पितामह कोई नहीं था,
ना गुरु द्रोणाचार्य थे कहीं.........
दुर्योधन की सेना थी,
धृतराष्ट्र सेना नायक ,
और साथ मे दुःशासन !
एक नहीं , दो नहीं ,पूरे २४ साल,
चिर-हरण हुआ मान का,
पर श्रीकृष्ण ने साथ न छोड़ा..........
जब-जब दुनिया रही इस मद में ,कि-
पत्थर माँ हार गई , -
तब - तब ईश्वर का घात हुआ ,
और माँ को कोई जीत मिली....
अब जाकर है ख़त्म हुआ,
२४ वर्षों का महाभारत ,
और माँ ने है ख़ुद लिखा,
अपने जीवन का रामायण...........

07 जून, 2008

चमका सितारा...........

आज ऋतुराज बसंत मेरे आँगन उतरा है,
जेठ की दोपहरी सौंधी खुशबू से भर गई है...
मेघों का समूह सावन का संदेश ले आया है,
ख्वाबों की धरती पर हकीकत की जड़ें मजबूत हुई हैं॥
टप-टप गिरती बूँदें
सारी फिजाओं में मचल रही हैं।
यह अजूबा मेरी ज़िंदगी का है
मेरा चाँद आकाश के चाँद को छू रहा है,
मन्दिर में शंखनाद है,
देवता स्वयं आशिर्वचनो का जाप कर रहे हैं,
हाँ आज काँधे पर सितारा चमका है............

22 मई, 2008

अधिकार........


ओ रूपसी,
आज तुमने अपनी पर्ण-कुटी के द्वार नहीं खोले,
बस भीतर ही खिलखिलाती रही,
चिडियों का समूह दानों की प्रतीक्षा में है,
जरा खोलो तो द्वार,
मैं भी देखूं तुम्हारा आरक्त चेहरा,
बिखरे सघन बाल,
फ़ैल गए टीकेवाला चेहरा,
जानूँ तो सही-
किसे ये अधिकार तुमने दे दिया है...........

20 मई, 2008

जीत.......




पौधे जब लगाये थे
तो धूप पानी कुछ नहीं था,
बस था तूफ़ान का अनवरत सिलसिला !
बड़ी मुश्किलों से देवदार,गुलाब
और रजनीगंधा लगाए,
आंखों के जल से सींचा था,
ममता की बाड़ लगाई थी
और रक्षा मंत्र का पहरा था!
सबने कहा था-
"आसान नहीं पौधों को बचाना,"
जो जीवन का उद्देश्य बना !
जाने कितने कांटे चुभे पाँव में,
और पौधे भी अकुलाए,
टांग दी तब ये झूठी तख्ती-
"कुत्तों से सावधान"....
डर से फिर आतंक रुक गया,
एक-एक झूठ की आड़ में मैंने
सौ सत्य का वरदान लिया.......
आज खड़ा है देवदार,
देखो वह उन्नत भाल लिए,
और मन है ओत-प्रोत
फूलों की सुगंध लिए-
आज फिर सत्य की जीत हुई,
आया बसंत आँगन में,
चहुँ ओर है सूर्य की लाली,
हँसता चाँद गगन में...
जीवन में खुशियाँ चहक उठीं हैं,
कोई तिनका तोड़ लूँ या बढ़कर
काजल का गहरा टीका लगाऊँ
मेरे आँचल में खुशिया सिमट चली है..........


19 मई, 2008

आहट.........




कोई आहट रुकी है जानी-पहचानी
मेरे मन की सांकलें सिहर उठी हैं..
मैं तो ध्यानावस्थित थी,
ये कौन आया बरसों बाद?
मुझे याद दिलाया-मैं जिंदा हूँ.......!
किसने मेरे खाली कमरे में घुँघरू बिछा डाले,
जो पुरवा की तरह बज उठे हैं!
क्यों मुझे राधा याद आ रही?
उधो की तरह मैं गोपिकाओं में क्यों लीन हो उठी?
ये बांसुरी की तान कहाँ से आई है?
यमुना के तीरे ये क्या माज़रा है
क्यों ब्रज में होली की धूम मची है?
क्या कृष्ण ने फिर अवतार लिया है???


15 मई, 2008

कुछ है.......


काले मेघों का आना,
टप-टप बूंदों का बरसना,
सोंधे ख्याल अंगडाई लेने लगे हैं......
जाने क्यूँ?
भींग जाने का दिल करता है.......
दौड़ता है मन पर्वतों की चोटियों पे,
दिल की धड़कनें पाजेब-सी बजती है......
मेरे अन्दर मोरनी थिरक उठी है,
होठों पे कोई गीत फुहारों -से मचलते हैं......
मेरी यादों की गगरी छलक उठी है,
सोंधी खुशबू हवाओं में दहक रही है.......
मेरे मन में घटाएँ बहक रही हैं,
"कुछ है"-सारी धरती फिसल रही है.........

02 मई, 2008

कल्पना.....

मैं सोच रही हूँ.......
कुछ लिखना चाहती हूँ........
मेरे शब्द गुम हो गए हैं,
मेरे एहसासों का अपहरण हो गया है,
फिरौती में मेरी कल्पनाएं माँगी जा रही हैं,
मेरे पास यही तो बहुमूल्य संपत्ति है,
हीरों -सी चमक-दमक,
जौहरी ने पहचान लिया,
और एहसासों को बंद कर डाला....
कहता है,कल्पनाएँ दे दो,
वरना एहसासों को मिटा दूँगा!
मैं सोचती रही,
सोचती रही.......
"मूर्ख जौहरी,मेरी कल्पनाएँ जब साथ हैं,
तू एहसासों को भला कैसे मिटा सकेगा,
कल्पनाओं की वसीयत जिन्हें दी है,
उनके साथ मेरे एहसास चलते रहेंगे......."
मैंने फिर शब्द ढूंढ लिए हैं,
और विश्वास भरा एहसास लिए,
सोच रही हूँ,
कल्पनाओं की दिशा में तैर रही हूँ........

29 अप्रैल, 2008

एक सपना...


मन,हो सके तो चलो,
एक सपना ले आयें गाँव से-
मिट्टी का चूल्हा,मिट्टी का आँगन,
धान की बालियाँ,पेड़ की छाँव,
कुंए का पानी,चिड़ियों का झुंड,
पूर्वा के झोंके,
टूटी-सी खाट,
मोटी-मोटी रोटियाँ,
फागुन के गीत,
पायल की रुनझुन,
चूड़ियों की खनक,
ढोलक की थाप
और तेरा साथ...................

27 अप्रैल, 2008

चंद बिखरी भावनाएं.........


( १)
हारकर चलना,
मज़बूरी नहीं,
ताकत होती है,
कोई माने या न माने
दुनिया उसी की होती है............
(२)
जब थी थकान,
चाह थी एक प्याले की,
भावनाओं का आदान-प्रदान था,
आंखों में कशिश थी,
स्पर्श में गर्माहट थी,
पलक झपके
भावनाओं के शब्दकोष खाली हुए,
व्यवहारिकता की बातें चलीं-
सारे संबंध ठंडे हुए.......
(३)
क्षणांश को ज़िंदगी मिली,
क्षणांश में जाना
भ्रम था,
क्षणांश में जाना यायावर था,
क्षणांश में समझा
वृक्ष बनाया
क्षणांश में
वृक्ष फर्निचर में बदला
क्षणांश में-
यायावर जीत गया.........
(४)
कहानी,कविता की सार्थकता वहीं है,
जहाँ दिल है,
पैसे की मेज़ पर
यह कूड़े का ढेर है,
आधुनिकता के आडम्बर में,
सजाते हैं किताबें करीने से,
पर एक शब्द का मर्म समझना
-मुश्किल है!
(५)
नहीं जानते जो तारीखों को,
तोतली भाषा को,
पहली मुस्कान,निर्झर हँसी को,
वे क्या जानेंगे प्यार को?!
उन्हें तो प्यारी है,
सिक्कों की खनक,
जहाँ नन्हें जूते नहीं होते
होती हैं अपनी कमजोरियाँ,
प्रयोजन के पीछे
तथाकथित मजबूरियाँ...........

25 अप्रैल, 2008

नज़रिया.....

'स्व' नज़रिया का मामला पेचीदा है,
प्रस्तुतीकरण दिखाई देती है,
जिनके पास कई हाथ होते हैं,
उनकी बात जुदा होती है....
"मत पूछो,मैं क्या?
मेरे बच्चे भी बर्दाश्त नहीं करते
कि,उनकी चीजें इधर-से-उधर हों!
धूल का एक कतरा,
ओह!my god
मेरा बच्चा उठते ही(नो मैटर 11 am )
अपने सामने सबकुछ रखवाता है,
यहाँ तक कि अपने खिलौनों के भी,
एक-एक करके धूल झड़वाता है......"
अब जो विश्वास करते हैं
"ये हाथ ही अपनी दौलत है,
ये हाथ ही अपनी ताकत है ..."
प्रसन्न विस्मय के साथ
सुनते हैं उनकी बात,
साथ-साथ देखते हैं,
अपने बच्चों को -
इस भाव के साथ,
"देखा इनके बच्चों को...."
बच्चे आँखें झुका लेते हैं,
क्योंकि वे अपना काम ख़ुद करते हैं
और भरी महफ़िल में अपने अभिभावकों को
आत्मप्रशस्ति में शामिल नहीं पाते हैं!!!!!!!!

22 अप्रैल, 2008

रावण रोता है...

रावण ने सीता का अपहरण किया,
कैद रखा वाटिका में,
पर तृण की ओट का मान रखा...
अपने ही नाश यज्ञ में उसने,
ब्राह्मण कुल का धर्म निभाया,
राम के हाथों प्राण तजे,
सीधा स्वर्ग को प्राप्त किया...
जाने कितने युग बीते!!!!
आज भी रावण को जलाते हैं,
और सत्य की जीत मनाते हैं !
पर गौर करो इस बात पे तुम,
गहराई से ज़रा मनन करो,
रावण को वे ही जलाते हैं,
जो राम नहीं कहलाते हैं,
ना ही रावण के चरणों की,
धूल ही बन पाते हैं...
जाने कितनी सीताओं का,
वे रोज़ अपहरण करते हैं...
ना रखते हैं किसी तृण का मान,
बन जाते हैं पूरे हैवान ...
ना राम का आना होता है ,
ना न्याय की आंखें खुलती हैं,
सीता कलंकिनी होती है ,
रावण भी फूट के रोता है!!!!!

एक दृष्टिकोण यह भी...

  सीता धरती की पुत्री थीं। राजा जनक ने उन्हें पाया, अपनाया और पिता का स्नेह दिया। उनका जन्म किसी सामान्य पारिवारिक वंश परंपरा से नहीं जुड़ा ...