29 दिसंबर, 2008

दुआओं के दीप........


आंसुओं की नदी में
मैंने अपने मन को,
अपनी भावनाओं को
पाल संग उतार दिया है.........
आंसुओं के मध्य
जाने कितनी अजनबी आंखों से
मुलाक़ात हो जाती है-
फिर उन लम्हों को पढ़ते हुए
मेरी आँखें
उनके जज्बातों की तिजोरी बन जाती हैं.........
जाने कितनी चाभियाँ
गुच्छे में गूंथी
मेरी कमर में,मेरे साथ चलती हैं.....
और रात होते
मेरे सिरहाने,
मेरे सपनों का हिस्सा बन जाती हैं,
जहाँ मैं हर आंखों के नाम
दुआओं के दीप जलाती हूँ !

23 दिसंबर, 2008

अम्मा के लिए......




मेरी कलम ने अम्मा के नाम लिखा है, पर यह एक आम सोच है..... क्रम जीवन का चलता रहता है , सोच जाने कैसे-कैसे रूप लेती रहती है ! बात उम्र की होती है या परिस्थितियों की........ पता नहीं , पर अपनी-अपनी धुरी पर सबकी
अपनी सोच होती है.........
एक प्रयास है हमारी भावना अम्मा के लिए---------------

हर दिन
एक शब्द तलाश करती हूँ
जो तुम्हे खुशी दे...........
मैं हार जाती हूँ, तुम्हारी निराशा के आगे
निराशा !?!
........ उम्र तो बढती ही जाती है
शरीर थकता ही जाता है
और फिर मुक्ति.....
यह तो शाश्वत क्रम है,
पर वजूद तो पूरी ज़िन्दगी का सार है !
.... अवश शरीर से यह मत सोचो
' अब मेरी क्या ज़रूरत ?'......
तुमने जो किया,
और हम जितने तुम्हारे करीब हैं
वैसा कईयों के हिस्से नहीं आता
....... सिर्फ़ यही महसूस करो
तो सुकून की बारिश से राहत मिलेगी !
माँ,
जिन चूजों को तुमने पंखों की ओट दी थी
उनके पंख भी ओट देते थक चले हैं
उनके पंखों की भाषा भी सीमित हो गई है !
पर उस भाषा में,
उनकी जिम्मेदारियों के मध्य तुम हो
और यह -
उनका गुरुर है ,
विवशता नहीं.....................

18 दिसंबर, 2008

कैसे कहें?


'जो बीत गई,वो बात गई........!'
अगर ऐसा होता रहा
तो पास क्या रह जाएगा !
आज की हर तस्वीर
कल की ही तो परछाईं है !
उसे मिटा दें
तो फिर जज्बातों,संवेदनाओं का क्या होगा !
वे सितारे जो टूटे
और हमने 'विश' माँगा
--उसे भूल जायें?
कैसे?
कैसे कह दें,
जो बीत गई...................

15 दिसंबर, 2008

ताउम्र का साथ !


बहार आए और थम जाए,
ऐसा होता नहीं है
और अगली बहार का इंतज़ार न हो
ये मुमकिन नहीं है .......
ज़िन्दगी को गर जीना है
तो मायूसी का दामन ना पकडो,........
मायूसी में-
खुशियों की आहटें गुम हो जाती हैं,
फिर लंबे समय तक
ये आहटें हमसे रूठ जाती हैं........
जीने के लिए-
दूसरों की खामियां न ढूंढो,
हंसने की ख्वाहिश है
तो अपनी खामियों के दस्तावेज़ खोलो..........
राहें तभी बनती हैं !
गुरुर की अवधि बड़ी छोटी होती है,
दीवारें रिसने में देर नहीं लगती,
संभालो ख़ुद को
खुशियों की आहटों को जानो
उठ जाओ
.....
खुशियों की अवधि कम ही सही
यादें बड़ी गहरी होती हैं,
ताउम्र साथ चलती हैं..........

06 दिसंबर, 2008

अलग-अलग परिणाम !!!


परिस्थितियाँ एक नहीं होतीं,
हादसे एक नहीं होते,
कोई मर जाता है,
कोई जी जाता है,
कोई ज़िन्दगी खींच लेता है !
किसी के हिस्से गंगा आती है
कहीं यमुना
कहीं नाले का गन्दला पानी........
कोई गंगा की लहरों में समा जाता है,
कोई गंदले पानी में कमल बन जाता है !
सुबह की किरणों के संग-
कोई गीत गाता है
कोई रोता है
कोई सूरज से होड़ लगाता है !
बन्धु,
अलग-अलग कैनवास हैं,
भावों के रंग हैं,
आकाश किसके हाथ होगा-
कौन जानता है !

02 दिसंबर, 2008

नए मंज़र की आहटें !


ज़िन्दगी कभी सरल नहीं होती
उसे बनाना पड़ता है
बेरंग लम्हों को
उम्मीद के रंगों से
ज़बरदस्ती भरना पड़ता है !
जिन वारदातों को
हम इन्तहां समझते हैं
- वे नए मंज़र की आहटें होती हैं ......................
निर्माण से पूर्व बहुत कुछ सहना होता है !
ज़िन्दगी अगर आसान ही हो जाए
तो जीने का मज़ा ख़त्म हो जाए !
माथे पर पसीने की बूंदें ना उभरीं
तो नींद का मज़ा क्या !
रोटी,नमक में स्वाद नहीं पाया
तो क्या पाया ?
......
ज़िन्दगी रेगिस्तान में ही रूप लेती है,
पैरों के छाले ही
मंजिलों के द्वार खोलते हैं !

23 नवंबर, 2008

मन के रास्ते और ईश्वर !


मैं मन हूँ,
सिर्फ़ मन !
शरीर की परिधि से
बहुत अलग,बहुत ऊपर........
आम बातें मैं कर लेती हूँ कभी,
पर मन की राहों में सफर करना
मेरा सुकून है !
मन के रास्ते गीले होते हैं,
गिरने का डर होता है ,
तो अक्सर लोग
सूखे,बेमानी रास्तों में उलझ जाते हैं........
आंसुओं की भाषा में गिरना
उन्हें मुनासिब नहीं लगता !
उनकी जुबान में
ईश्वर तक बेमानी शक्ल ले लेता है,
सात्विक चेहरे से अलग
हीरे,मोतियों में जड़ हो जाता है !
हतप्रभ ईश्वर-
उस पिंजड़े को छोड़ जाता है
और मेरे
मुझ जैसों के संग-
भीगे रास्तों पर।
आम परिवेश में चलता है
....... ईश्वर अपनी करुणा के आंसू
इन्हीं रास्तों पर बहाता है !!!!!!!

17 अक्टूबर, 2008

प्रभु तुम और मैं !


कस्तूरी मृग बन मैंने ज़िन्दगी गुजारी
प्रभु तुम तो मेरे अन्दर ही सुवासित रहे !
मैं आरती की थाल लिए
व्यर्थ खड़ी रही
प्रभु तुम तो मेरे सुकून से आह्लादित रहे !
मेरे दुःख के क्षणों में
तुमने सारी दुनिया का भोग अस्वीकार किया,
तुम निराहार मेरी राह बनाने में लगे रहे
और मैं !
भ्रम पालती रही कि -
आख़िर मैंने राह बना ली !
मैं दौड़ लगाती रही,
दीये जलाती रही
- तुम मेरे पैरों की गति में,
बाती बनाती उँगलियों में स्थित रहे !
जब-जब अँधेरा छाया
प्रभु तुम मेरी आंखों में
आस-विश्वास बनकर ढल गए
और नई सुबह की प्रत्याशा लिए
गहरी वेदना में भी
मैं सो गई -
प्रभु लोरी बनकर तुम झंकृत होते रहे !

.............
प्रभु तुमने सुदामा की तरह मुझे अनुग्रहित किया
मुझे मेरे कस्तूरी मन की पहचान दे दी !

12 अक्टूबर, 2008

वक्त है ?


वक्त हो तो बैठो
दिल की बात करूँ....
कुछ नमी हो आंखों में
तो दिल की बात करूँ...
तुम क्या जानो,
अरसा बीता,
दिल की कोई बात नहीं की,
कहाँ से टूटा
कितना टूटा-
किसी को ना बतला पाई,
रिश्तों के संकुचित जाल में
दिल की धड़कनें गुम हो गईं !
पैसों की लम्बी रेस में
सारे चेहरे बदल गए हैं
दिल की कोई जगह नहीं है
एक बेमानी चीज है ये !
पर मैंने हार नहीं मानी है
दिल की खोज अब भी जारी है....
वक्त है गर तो बैठो पास
सुनो धड़कनें दिल की
इसमें धुन है बचपन की
जो थामता है -रिश्तों का दामन
फिर.............
वक्त हो तो बैठो,
दिल की कोई बात करूँ............

06 अक्टूबर, 2008

मन-से-मन तक !!!


शरीर की मानसिकता
मन तक कहाँ जाती है ?
मन के चरागाहों में घूमते
तुम रो पडोगे,
जब साथ चलनेवाला
शरीर से ऊपर नहीं उठ पाता !
तुम मन से गंगा को धरती पर लाओ,
कोई उपलब्धि नहीं............
पर,सिर्फ़ शरीर की परिधि में -
नाम,शोहरत....सब संभव है !
साहित्य कितनों को लुभाता है भला.....?
पर जिन किताबों में
अश्लीलता बेची जाती है,
वह क्षणांश में
हाथों-हाथ बिक जाती है !
दोष लिखनेवालों का कहाँ होता है,
वे तो मानसिकता को खुराक देते हैं !
शरीर मन का दूसरा पहलु है
इसे कम लोग जानते हैं
और यही जानकारी उन्हें रुलाती है !
मैं अक्सर उन आंसुओं को
करीने से सजाती हूँ
और मन-से-मन की उड़ान भरती हूँ !

एक दृष्टिकोण यह भी...

  सीता धरती की पुत्री थीं। राजा जनक ने उन्हें पाया, अपनाया और पिता का स्नेह दिया। उनका जन्म किसी सामान्य पारिवारिक वंश परंपरा से नहीं जुड़ा ...