
प्यार और व्यवहारिकता
दो अलग आयाम !
प्यार में व्यवहारिकता की
गुंजाईश नहीं होती
प्यार नंगे पाँव
अनंत दिशा में दौड़ता है
और बस कहता जाता है ...
भीग लो रिमझिम बारिश में
गर्म चाय की भाप के संग
हर निगाह से परे
पानी में छप छप दौड़ते
बेपरवाह गीत गाते
ठहाके लगाते
धरती से आकाश तक
सब हमारा है...
....
प्यार व्यवहारिक हो गया
तो फिर प्रश्न कैसा?
शिकायत कैसी ?
इंतज़ार कैसा ?
.... और यकीनन
वह प्यार नहीं !
...
प्यार तो बेमौसम बसंत होता है
उसके आगे तर्क क्या !
उसकी मर्जी
वह बादलों से पाजेब बनाता है
ओस से श्रृंगार करता है
तपती धूप में
पसीने में राग ढूंढ लेता है
प्यार व्यवहारिकता के लिबास से
सर्वथा अपरिचित होता है !
...
प्यार में खोना
खुद को पाना है
वह ना समझौता चाहता है
ना समझौता करता है
प्यार !
गन्दी नाली में नहीं बहाया जा सकता
ना अपशब्दों से नवाज़ा जाता है
इसकी उंचाई .....
हर कोई बचेंद्री पाल नहीं हो सकता है !
.......
प्यार शब्दों का खेल नहीं
और कटघरा तो बिल्कुल नहीं
जहाँ 'क्यूँ' आया
फिर ना घर तेरा ना घर मेरा सा सन्नाटा होता है
ताश के पत्तों की तरह सारी सोच
भरभराकर गिर जाती है
ज़िन्दगी होती ही कितनी लम्बी है !!!
प्यार है तो है
नहीं तो नहीं .... चाहे जितनी लम्बी हो !










