मैं तुमसे कभी नहीं मिलना चाहूँगी
फिर भी,
गर मिल गए
तो मेरी खामोश नफरत को कुरेदना मत
क्योंकि उससे जो आग धधकती है
उस चिता में
तुम्हारे संग
कुछ आत्मीय चेहरे भी
झुलसने लगते हैं
उन चेहरों को निकालते हुए
मेरा हृदय छालों से भर जाता है
फिर ...
जिस किसी ने भी
यूँ ही सही
तुम्हारा हाल पूछा है
जवाब देते हुए मैंने
एकलव्य की तरह बाण चलाये हैं
द्रोणाचार्य को बेबसी से देखा है
उस क्षण भूल गई हूँ
एक शिष्य का कर्तव्य !
बात दक्षिणा की नहीं
श्रद्धा, सम्मान की है
जब जब तुम्हारा ज़िक्र हुआ है
मेरे संतुलित संस्कार नष्ट हो गए हैं !!!
मेरी सहजता ने सच कहा सबसे
बताया मेरी नफरत का अर्थ विस्तार से
लेकिन
आह! करके
वे तथाकथित अपने
निर्विकार होकर तुम्हारी बातें करने लगे
बात बुरा लगने की नहीं थी
बात थी मेरी उन हत्याओं की
जो कई स्थलों पर
कई बार हुई ...
बिल्कुल जलियाँवाला बाग़ की तरह !
यद्यपि
ये सारे निर्विकार अबोध
अपनी छोटी सी बात पर
दुःशासन बन जाते हैं
कहीं भी
कभी भी
अपमानित करने से नहीं चुकते
पर,
जहाँ मौन रहना चाहिए
या एक सत्य की रक्षा में
झूठ बोलना चाहिए
वहाँ सूक्तियाँ बोलते हैं !
यदि ऐसा करना
इनका इठलाना है
तो ज़रूरी है ये जानना
इठलाते हुए
अनाप शनाप बोलते हुए
ये खुद को हास्यास्पद बनाते हैं
अपने इर्द गिर्द नकारात्मकता फैलाते हैं ...
खैर,
मैं सिर्फ इतना कहना चाहती हूँ
कि
मैं तुमसे कभी नहीं मिलना चाहूँगी
फिर भी,
गर मिल गए
तो मेरी खामोश नफरत को कुरेदना मत !!!