26 जनवरी, 2014

यह दिन इतिहास में विशेष रहे




फ्रॉक के घेरे को गोल गोल घुमाती
खुद घेरे के संग गोल गोल घूमती
मैंने सुना था तुम्हारा नाम
और नन्हें मन ने सोचा था - कौन है ये इमरोज़ !
थोड़ी बड़ी हुई तो जाना -
    अमृता का इमरोज़ !
उस उम्र ने माना - कोई किसी एक का होकर रह सकता है
वरना बकवास थी सलीम की बातें
अनारकली - बेचारी !
सोलहवें पड़ाव पर शिवानी की 'कृष्णकली' ने मन की ऊँगली थामी
यूँ ही उसका नायक प्रवीर दिखने लगा
और कली की बलखाती बातों में 'मैं' नज़र आई  …
उतार-चढ़ाव-उतार के ऊँचे-नीचे रास्तों का अनुभव मिला
तो एक बार फिर इमरोज़ याद आया
……।
'कोई नम्बर देगा क्या ?
फोन करुँगी तो वे बात करेंगे भी क्या ?'
सवालों में उलझने को हुई
तो कृष्णकली की तरह सारी गिरहें काट डालीं
और लगा दिया नम्बर  …
अरे बाप रे !
ये तो बज उठा है
क्या करूँ,क्या करूँ !!! … रिसीवर उठ गया
'हलो'
'इमरोज़' ?
हाँ मैं इमरोज़ बोल रहा हूँ '
कुछ देर के लिए मेरी आवाज फँस गई
फिर साहस किया -
बोली -
और फिर दिल्ली के हौज-ख़ास पहुँच गई !
बेटी को हिदायत थी - 'सहज तस्वीरें लेना'
खुली छत पर इमरोज़ का साथ
कबूतरों की बातें
वर्त्तमान में अमृता का आना-जाना
सबकुछ - अद्भुत था !
बरगद सा इमरोज़
और मैं -
पौधा कहूँ खुद को
या सूर्य किरणें !
कभी मैंने ऊँची निगाहें कीं
कभी वाष्पित किया इमरोज़ के अमृतमय ख्यालों को
…… इमरोज़ तठस्थ रहे !
कोई विशेष चाह नहीं
सिवाए अमृता के
और मैं विस्मित  … यह सत्य !
समर्पण की यह परिभाषा
इतिहास के स्वर्णिम पन्ने दोहराते रहेंगे
…हर 26 जनवरी को मेरे भीतर गोल गोल घूमती अबोध लड़की यही कहेगी
"यह विशेष जन्म हर युग में हो
और यह दिन विशेष रहे"
सोचती हूँ,
जब एक बच्चे की रुदन 26 जनवरी  .... को धरती पर उभरी
तो क्या उसमें 'माँ' की बजाय 'अमृता' थी !

21 जनवरी, 2014

बचपन की तरह





कुछ गीली मिट्टी ले आई थी मैं बचपन के खेल से 
सोचा था - 
जब जब हम इकट्ठे होंगे 
खेलेंगे उससे 
मिटटी सने हाथों को देख 
मासूम हँसी हँस लेंगे 
पर, 
मिट्टी -
जाने किस दिन 
जाने कैसे
सूख गई 
गीला करने को बहुत पानी मिलाया 
आँसू भी मिलाए 
पर मिट्टी !
गीली क्या, हल्की भी नहीं हुई 
…… 
शायद इसीलिए हम एक चेहरे पर 
दूसरा चेहरा लिए घूमते हैं 
हँसने के नाम पर 
होठ फैला देते हैं 
…! तुम्हें मैं बनावटी दिखती हूँ 
मुझे तुम !!!
बहस कैसी ?
साबित क्या करना है अब ?

बस एक बात बताना 
तुमने थोड़ी मिट्टी नहीं उठाई थी 
???
अगर उठाया हो तो अगली बार ले आना 
अपनी अपनी मिट्टी मिला देंगे 
शायद  .... शायद  … 
मासूमियत लौट आए हमारे चेहरे में 
और हम एक दूसरे का हाथ थाम 
बेसाख्ता हँसते जाएँ - बचपन की तरह 

17 जनवरी, 2014

सत्य होना सत्य कहना सत्य मानना - तीन आयाम हैं





सत्य होना 
सत्य कहना 
सत्य मानना - तीन आयाम हैं 
सत्य को जब नहीं मानना हो 
तो धर्म,समाज,परिवार का हवाला देकर चीखना 
बहुत ही आसान होता है 
पर कभी कभी 
खौलते तेल जैसे सत्य का सामना ज़रूरी है !!!
किसी के बच्चे को 
किसी की ज़िन्दगी को 
किसी के प्रेम को 
नाजायज़ कहना जितना सरल होता है 
उतनी सरलता उसकी सच्चाई में नहीं होती 
सच के लिए तह तक जाना होता है !

जो अपनी जान गँवा देते हैं 
या पूरी ज़िन्दगी जिंदा लाश बन 
तथाकथित कर्तव्यों का निर्वाह करते हैं 
उन्हें हम आसानी से खुदा मान लेते हैं 
और उनकी व्यक्तिगत चाह से परे 
उन्हें पूजा के सिंहासन पर रख देते हैं !

कृष्ण  .... 
जिसकी ज़िन्दगी में आँधियों ने डेरा बसा लिया 
उसके मौन सांचे के आगे 
छप्पन प्रकार का भोग लगा 
हम अपने लिए माँगते जाते हैं 
पूजा में भी स्वार्थ और स्वहित का दाव खेलते हैं  !!!

राम  … 
कभी मर्यादा पुरुषोत्तम 
कभी सीता के लिए प्रश्नों के कटघरे में  
बाल्यकाल से युवा होने तक 
सिर्फ परीक्षा 
और कर्तव्यों के निर्वाह में -
सुख की तिलांजलि !
गर्व से कहते है -
'एक पत्नी शपथ का निर्वाह किया' 
इससे परे एक प्रश्न उठता है -
उनकी ज़िन्दगी में था क्या ?
सिर्फ प्रजा !!!
बन सकोगे राम ?
नहीं न ? 
इसलिए उसे सिंहासन पर बैठा दिया 
और उसके नाम पर अपना घर भरते गए !

सीता !!!
सीता राजा जनक को मिलीं  .... 
यहाँ भी प्रश्न उठता है 
क्या सीता नाजायज संतान थीं ?
वो तो राजा जनक ने गोद लिया 
तो किसकी जुर्रत थी ज़ुबान खोलने की !
अयोध्या से वन गमन 
अशोक वाटिका 
युद्ध 
अयोध्या लौटने का हर्ष 
एक ऊँगली उठते  पुनः वन !!!

कथा है -
सीता को धरती माँ ने दिया 
तो फिर स्वीकार भी कर लिया 
सत्य कहता है, 
सीता फ़ेंक दी गईं 
धरती पर जनक को मिलीं 
और अंततः सीता ने आत्महत्या की  .... 
………… 
इस सत्य को समझते सब हैं 
पर ऐसा कहें कैसे !
धर्म आहत होगा !!

यूँ धर्म सत्य है 
तो 
स्त्री को सीता बनने की सलाह देने से पहले 
दिल पर हाथ रखकर उत्तर देना ---
साधारण घर में धरती से उठाई गई लड़की को 
सहजता से कितने लोग अपनाएँगे ?
अपनाकर अपनी महानता कितनी बार सुनायेंगे ?
अपहरण के बाद कितनी निष्ठा से बचाएँगे ?
एक ऊँगली उठने से पहले 
स्वयं कैसे कैसे प्रश्न उठाएँगे ?"

ये जवाब सहज नहीं है 
पढ़ते-सुनते ही लोग मुँह बिचका कर चल देंगे 
या फिर किसी विकृत समूह में 
विकृत ठहाके लगाएँगे !!!
सत्य होना 
सत्य कहना 
सत्य मानना - तीन आयाम हैं 

13 जनवरी, 2014

मेरे मोबाइल से इमरोज़





प्यार एक से होता है
प्यारे सब हो जाते हैं
जहेकिस्मत !
*****************************
अपने बच्चों
अपनी माँ के बीच
कभी भी
कोई राज बनकर नहीं जीना
ज़िन्दगी बनकर जीना
ज़िन्दगी ही सच है
सच ही आग है जीने के लिए !
*******************************
जब आदमी इंसान हो जाता है
ज़िन्दगी में ही रब का दीदार कर लेता है
*******************************
कानून साँस साँस कैद
मुहब्बत साँस साँस आजाद
ज़िन्दगी जीकर ज़िन्दगी बनती है
शब्द जीकर नज़्म बनते हैं
****************************
तुम्हें अपने आप ने जगाया है
अगर मेरा नाम 'अपना आप' होता
तो फिर
मैंने ही जगाया होगा  …
*****************************
जो कुछ भी हम सोचते हैं
ज़िन्दगी उसी की पैदावार होती है
तुम खूबसूरत सोचती हो
खूबसूरत करती हो
इसीलिए
उदासी में भी तुम खूबसूरत रही
और खुशकिस्मत भी
रश्मि भी  …
*************************
मुहब्बत ग्रंथों में नहीं समा सकती
ग्रन्थ मुहब्बत में समा सकते हैं
             
                     क्रमशः  :)

03 जनवरी, 2014

लोग !





लोग पूछते हैं - नकारात्मक सोच क्यों है तुम्हारी ?
प्रश्नों से अनमना हुआ मन सोचता है
-  इसका जवाब तो लोग ही अच्छी तरह दे सकते हैं !
लोग,
हर कदम के आगे नकारात्मक स्थिति पैदा करते हैं
तब तक
जब तक खुद पर संदेह न होने लगे !
और संदेह होते ही सबक
- आरम्भ से पहले ही अविश्वास सही नहीं  …
ये लोग,
आज तक मेरी समझ से बाहर रहे
जब डरोगे तो धिक्कारेंगे -'इस डर के आगे कौन मदद करेगा!'
और डर पर भविष्य की लगाम डालकर
तिनके सा हौसला
बरगद की जड़ों सा दिखाओगे
तो माथे पर बल डालकर यही सवाल करेंगे -
'यह सही होगा?
ज़िन्दगी बहुत लम्बी होती है  …
मुश्किलें कहीं भी किसी भी रूप में आ सकती हैं
जितनी आसानी से हम निर्णय लेते हैं
ज़िन्दगी उतनी ही कठिन
और रहस्यात्मक होती है '  ....
वाकई -
मैंने लोगों से अधिक ज़िन्दगी को कठिन नहीं पाया
और रहस्य जो भी थे
उसके पीछे शुभचिंतक लोगों के घातक चेहरे थे
जिनकी रहस्यात्मक मंशा यही रही
कि जिसके घर पर बिजली गिरी है
वह घर जलकर राख हो जाए
ताकि
शायद राख से कोई मुनाफा हो जाए
न भी हो तो आगे के लिए कोई कहानी तो होगी !
लोग !

29 दिसंबर, 2013

कितने दोहरे मापदंड !





व्यक्ति व्यक्ति से बने समाज के 
कितने दोहरे मापदंड हैं !
पत्नी की मृत्यु होते 
उम्र से परे,बच्चों से परे 
पति के एकाकी जीवन की चिंता करता है 
खाना-बच्चे तो बहाना होते हैं 
.... 
पत्नी पर जब हाथ उठाता है पति 
तो समवेत स्वर में प्रायः सभी कहते हैं 
"ज़िद्दी औरत है 
…………"
किसी अन्य स्त्री से जुड़ जाए पति 
तो पत्नी में खोट !
पत्नी को बच्चा न हो 
तो बाँझ' बनी वह तिरस्कृत बोल सुनती है 
दासी बनी दूसरी औरत को स्वीकार करती है 
वंश" के नाम पर !

वंश' भी पुत्र से !!!
…
निःसंदेह, पुरुष एक ताकत है 
शरीर से सक्षम 
पर स्त्री के मन की ताकत को अनदेखा कैसे कर सकते हैं !
या फिर कैसे उस अबला (!!!) के साथ 
न्याय को बदल देते हैं ?

जिस वंश को 9 महीने खुद की शक्ति देती है स्त्री 
और मृत्यु समकक्ष दर्द से जूझकर 
जिसे धरती पर लाती है 
जिसके रुदन को अपने सीने में जब्त करती है 
और प्राणों में ममता का सामर्थ्य भरती है 
उसके साथ सोच की हर कड़ी दूसरा रूप लेती है  .... 

पति की मृत्यु - स्त्री अभागी 
किसी का बेटा खा गई !
विवाह कर लिया तो कलंकिनी !
खुद की रक्षा में हाथ उठा दिया 
तब तो राक्षसी !
पति बच्चा नहीं दे सकता 
तो उसकी इज्जत पत्नी की ख़ामोशी में 
!!!!!!!!!!!!!
परिवार स्त्री-पुरुष से 
समाज स्त्री-पुरुष से 
संतान स्त्री-पुरुष से 
तो कुछ गलत होने का कारण सिर्फ स्त्री क्यूँ ?

पुरुष रक्षक है स्त्री का 
पर जब भक्षक बन जाए 
तो स्त्री के प्रति नज़रिया क्यूँ बदल जाता है ?
कम उम्र में स्त्री विधवा हो जाए 
या तलाकशुदा 
तो उसके विवाह पर आपत्ति क्यूँ ?
उसकी जिंदगी में तो गिद्ध मँडराने लगते हैं 
ऊँगली उठाते लोग 
उसे खा जाने का मौका ढूँढ़ते हैं 
दूर की हटाओ 
घर बैठे रिश्तों की नियत बदल जाती है 
फिर यह दोहरा मापदंड क्यूँ ???

22 दिसंबर, 2013

प्राकृतिक उद्देश्य




मैं जमीन पर ही कल्पना करती हूँ 
जमीन पर ही जीती हूँ 
यूँ कई बार 
हौसलों की खातिर 
क्षितिज से मिल आती हूँ :) … 
ले आती हूँ थोड़ी चिंगारी 
जंगल में फैली आग से 
समेट लाती हूँ कुछ कतरे 
जमीन पर खड़े रहने के लिए 
जल,वायु,अग्नि,धरती - आकाश से  
सूरज से वाष्पित कर अपने को 
मैं आकाश से जमीन पर उतरती हूँ 
और गंगा बनने का हर सम्भव प्रयास करती हूँ  … 
क्षितिज खुले आकाश में 
धरती के सीने से दिखता है 
सूरज को मुट्ठी में भरने की ख्वाहिश 
धरती से होती है 
तो जमीनी कल्पना में ही 
मुझे जमीनी हकीकत मिलती है 
जमीनी ख़ुशी जमीनी दुःख 
जमीन से जुड़ा ज़मीर 
जमीन से उगती तक़दीर 
यही मेरी सम्पत्ति है 
इसी सम्पत्ति से मैं स्वयं का निर्माण करती हूँ 
और शिव की जटाओं से निःसृत होती हूँ 
……… धरती के गर्भ में पावन गंगा सी बहती हूँ 
जमीनी हकीकत जब पवित्र नहीं रह जाती 
तब काल्पनिक पाताल में अदृश्य हो 
शिव तांडव में प्रगट होती हूँ 
न स्वयं को खोती हूँ 
न स्वयं में खोती हूँ 
मैं जमीनी कल्पना और हकीकत के बीच 
निरंतर जागती हूँ 
भयाक्रांत करती लपटों से घिरकर 
अविचल 
कल्पनाओं का जाप 
हकीकत के तपिश में करती हूँ 
हकीकत का जीर्णोद्धार 
कल्पनाओं के रंगों से करते हुए 
सृष्टि के गर्भ में अदृश्य कारीगरों का आह्वान करती हूँ 
कल्पना और हकीकत को एकसार करने में 
मैं पल पल जीती हूँ 
पल पल अपने जन्म को एक काल्पनिक सार्थकता देते हुए 
मैं हकीकत के ऐतिहासिक पन्नों में उतरती हूँ 
कल्पना को हकीकत 
हकीकत को कल्पना 
- जमीन से जुड़ा मेरा प्राकृतिक उद्देश्य है 

15 दिसंबर, 2013

मौसम ....! और आदमी !!







मौसम  ....!
और आदमी  !
हर साल गर्मी,बारिश और ठण्ड का कहर होता है
टूटी झोपड़ियाँ,
फुटपाथ पर ठिठुरती ज़िन्दगी
हर साल की खबर है
मरनेवाला यूँ ही बेनाम मर जाता है  …
म्युंसिपैलिटी वाले ले जाते हैं लाश को
कई चेहरों की कोई शिनाख्त नहीं होती
ना ही होती है कोई फ़ाइल
जिसमें कोई पहचान हो

किसी गटर में होता है रोता हुआ बच्चा हर साल
लोग भीड़ लगाकर देखते हैं
बुद्धिजीवी बने कहते हैं
- लावारिस, होगा किसी का नाजायज पाप !
क्या सच में ?
बच्चे नाजायज होते हैं क्या ?
ओह ! यह प्रश्न मैं किसी से भी नहीं उठा रही
कर रही हूँ प्रलाप
क्योंकि हर साल जो घटित होता है
उसपर चर्चा कैसी !

बात तो इतनी है
कि गरीब न हो तो अमीर की पहचान कैसी
फुटपाथ पर कोई बेसहारा न हो
तो विषय क्या
बच्चे को नाजायज न कहें
तो नाजायज पिता की शादी कैसे होगी
जायज बच्चों की परवरिश कैसे होगी
और नाजायज माँ का जनाजा कैसे निकलेगा
या फिर वह नई नवेली अल्हड दुल्हन कैसे बनेगी !

घोटाले मौसम और आदमी के
हर साल होते हैं
बस आकड़े बढ़ते-बढ़ते हैं
घटने के आसार न कभी थे,न होंगे !!!

06 दिसंबर, 2013

कुछ झूठ कुछ लीपापोती सबसे बड़ी पूजा होती है






अम्मा का लिखा हर दिन टाइप करती हूँ  … 

जितनी बार किसी किताब को पढ़ो 
अर्थ उतने ही स्पष्ट होते हैं !
एक क्षण में हम निर्णयात्मक धारणा नहीं बना सकते 
यूँ वह तो वर्षों तक नहीं बनाया जा सकता 
क्योंकि हमारी किसी भी सोच में 
कई सोच का छौंक लगा होता है 
.... !!! पर, जब पूरी पुस्तक खत्म हो जाती है 
तो एक सार जो रह जाता है 
वह सिर्फ अपना होता है 
और वही सार उस व्यक्ति,उसके व्यक्तित्व की 
असलियत होती है - हमारे लिए !
हाँ तो रोज एक याद को टाइप करते 
मैं स्वतः अम्मा बन जाती हूँ (अगर तुम टाइप करो तो तुम भी बन जाओगे)
और साल 64 से 
एक विक्षिप्त माँ की सोच को 
जिसका 4 साल का बेटा 
कहकर गया -'ठहरो माँ,मैं अभी आया'
और  … 
हर सुबह,हर दिन 
हर शाम,हर रात महसूस करती हूँ !
.... 
ज़िन्दगी में जब हम किसी गहरे आघात से गुजरते हैं 
तो उसके छींटे 
ख़ुशी,दुःख सबमें नज़र आते हैं 
नहीं चाहते हुए भी कई बार मुँह से निकल जाता है !
इसमें सही-गलत की परिभाषा नहीं लागू हो सकती 
 क्योंकि थोडा-बहुत हर कोई इस रास्ते पर होता है 
.... 
पापा कहते थे -
किसी गहराई को मापने के लिए 
उस जगह खुद को रखो 
रखते रखते उम्र निकल गई 
और हम वहीँ अडिग नहीं खड़े रह सके 
जहाँ होना चाहिए था 
उल्टे हम उन लोगों की तरफ से बोलने लगे 
जिनकी नियत थी - हम उलझ जाएँ !
आह - 
हम उलझते गए 
और अपना मूल्यवान वक़्त खोते गए 
और सबकुछ होते हुए भी 
अम्मा की तरह खोने के गम जैसे धागे से 
कुछ बुनते गए 
यह कुछ - कितना खोखला है 
इससे न ठण्ड जाती है 
न ओढ़कर मीठे सपने आते हैं 
.... 
अब जाना, 
तुम भी जानो 
(सम्भवतः जानते भी होगे)
कि लीपापोती एक ज़रूरी पूजा है 
झूठ के अर्घ्य से यदि हम खुलकर हंस लेते हैं 
तो हर्ज ही क्या है मान लेने में 
!
ज़िन्दगी की चाल बड़ी तेज और रहस्यात्मक है 
कहीं जगमगाती धरती मिलती है 
तो कभी - एक क्षण में पैरों के नीचे से धरती हट जाती है 
किस उहापोह में हम अपने ही आगे मकड़ जाल बुन रहे हैं 
कौन फँसेगा ? 
फंस भी गया तो न हर्ष मना सकोगे 
न दुःख  … 
क्योंकि फिर हम तुम 
किसी और धारा में बह जायेंगे !!!!!!!!!!!!!!!!!!

श्रेष्ठता की चाभियों का गुच्छा 
कमर से लगाकर क्या होगा 
यदि एक झूठ को झूठ जानते हुए भी 
सच मानकर 
हम गले लगकर रो नहीं सके 
तो - सबकुछ व्यर्थ है 
रिश्तों की मजबूती धैर्य देती है 
और इसके लिए कुछ झूठ 
कुछ लीपापोती सबसे बड़ी पूजा होती है 
 

30 नवंबर, 2013

ज़िन्दगी फिर से चले !






रात गए नींद नहीं आती
उम्र का असर है
या अनुभवों का तनाव
घड़ी की टिक टिक की तरह
हर दौर की सीढ़ियाँ चढ़ती-उतरती हूँ
साँसें चढ़ जाती हैं
तो बचपन के तने से टेक लगा
बैठ जाती हूँ
आँखें दूर कहीं लक्ष्य साधती हैं
कभी चेहरे पर मुस्कान तैरती है
कभी भय
कभी उदासी
कभी  … निर्विकार होना ही पड़ता है !
.... !
बचपन के तने से टिके शरीर के मन में
कई सवाल उठते हैं
एक के बाद एक  .... लहरों की तरह !
मन से बड़ा समंदर और कहाँ
और उसमें मोती मिल जाए
तो बात ही अलग है !
हाँ तो इस समंदर की कई लहरों के बीच
एक लहर करती है तुमसे सवाल
- तुम तो बिना हाथ पकड़े नहीं चल पाती थी
तो गई कैसे ?
कितनी सीढ़ियाँ उतरनी पड़ी होंगी
डर भी लगा होगा
.... दूर दूर तक  …
हम होकर भी नहीं थे
फिर भी -
तुम चली गई !

साँस रुक जाने से कहानी खत्म हो जाती है क्या  ?
साँसों को रोकने का खेल तो हम बचपन से खेलते आये हैं
फिर ये क्या बात हुई
और कैसे - कि अब तुम नहीं कहीं !
मुझे शक़ होता है
तुम हमें जाँच रही हो  ....
मुझे विश्वास है - तुम पास में रहती हो खड़ी
कभी झुककर अपने मोबाइल पर लिखती हो कुछ
सेंड' नहीं कर पाती
हाथ हिलता है न तुम्हारा
तो ऑफ बटन दब जाता है
और तुम उकताकर लेट जाती हो  …।
…
सवाल सवाल सवाल  …… एक आता है
एक जाता है
कभी कुछ सकारात्मक ले जाता है
कभी कुछ नकारात्मक से ख्याल ले जाता है !
मन के समंदर के इस किनारे मैं
- चाहती हूँ
बन जाऊँ गोताखोर
सम्भव है मेरे ही मन के एक सीप में तुम मिल जाओ
और -
ज़िन्दगी फिर से चले !

इस बार हम एक एक कदम
सोच-समझकर उठायेंगे
उन लोगों से कोसों दूर रहेंगे
जिनका मन हम सा नहीं था
थोड़ी व्यवहारिकता भी लाएँगे अपने व्यवहार में
सिर्फ मन से चलते रहने पर
बहुत ठोकर लगती है
और खामखाह बीमारी
इलाज़
और अंत में - सबकुछ मानसिक कहा जाये
इस बात का एक भी मौका हम नहीं देंगे

आओ अब सो जाएँ !

23 नवंबर, 2013

लड़ना प्यार है





लड़ने से रिश्ते नहीं खत्म हो जाते  ...
शिकायत  होती ही रहती है आपस में
उसे मन में रखना
सड़ांध पैदा करता है  …
अगर नहीं कह सके अपनी बात
रोकर-झगड़ कर
तो मन के अंदर विषबेल  फैलता है  ....
यूँ भी
विष के बीज मन कभी नहीं बोता
उसे दूसरा कोई बोता है
....
ऐसे में छानबीन तो होनी चाहिए न
किसने भेजा,किसने लगाया
नाम मिल जाए तो पूछो उससे
सम्भव है, सारी बातें झूठी हों
और हम-तुम दूर हो गए हों !!
....
भाई बहन
माँ बच्चे
दोस्त
पति-पत्नी
प्रेम
…… इनसे ही तो लड़ाईयाँ होती हैं
क्योंकि इनसे प्यार होता है
ख़्वाबों जैसे प्यार की उम्मीद होती है
……
(बकवास करते हैं लोग
कि प्यार में उम्मीद नहीं होनी चाहिए )
रूठना-मनाना, फिर खिलखिलाना
इसकी साँसें होती हैं
किसी तीसरे की ज़रूरत नहीं होती
तीसरा !!!
सारी बातें बिगाड़ देता है
………
पर बातों को लड़कर
सवालों से
ठीक कर सकते हैं हम
कर भी लेते हैं
यही नोक-झोंक तो अनुपस्थिति में गहराती है
!!!
ज़िंदगी सवालों का पन्ना है
जो सबसे तेज होता है
उसी से हम सवाल पर सवाल करते हैं
उसकी हार पर खुश होते हैं
अपनी जीत पर इतराते हैं
!!! पन्ना गुम होते
न जीत,न हार  .... किससे लड़ें !
तो मानो -
लड़ना स्वास्थ्य के लिए दवा है
जो जोड़ता है
तोड़ता नहीं
जो तोड़ दे वह लड़ाई नहीं
एक विध्वंसात्मक सोच है !!!
....
इसी फर्क को समझना है
जुड़ने और तहस-नहस करके मिटा देने का  !!!!!!!!!!!!!!!

……… लड़ने से रिश्ते खत्म नहीं होते
न कोई गाँठ पड़ती है
मीलों की दूरी में भी नज़दीकियाँ होती हैं
जब हम एक कॉल,
मेसेज
और चिठ्ठी के लिए लड़ते हैं  …
लड़ना प्यार है
सिर्फ प्यार !

एक दृष्टिकोण यह भी...

  सीता धरती की पुत्री थीं। राजा जनक ने उन्हें पाया, अपनाया और पिता का स्नेह दिया। उनका जन्म किसी सामान्य पारिवारिक वंश परंपरा से नहीं जुड़ा ...