02 दिसंबर, 2008

नए मंज़र की आहटें !


ज़िन्दगी कभी सरल नहीं होती
उसे बनाना पड़ता है
बेरंग लम्हों को
उम्मीद के रंगों से
ज़बरदस्ती भरना पड़ता है !
जिन वारदातों को
हम इन्तहां समझते हैं
- वे नए मंज़र की आहटें होती हैं ......................
निर्माण से पूर्व बहुत कुछ सहना होता है !
ज़िन्दगी अगर आसान ही हो जाए
तो जीने का मज़ा ख़त्म हो जाए !
माथे पर पसीने की बूंदें ना उभरीं
तो नींद का मज़ा क्या !
रोटी,नमक में स्वाद नहीं पाया
तो क्या पाया ?
......
ज़िन्दगी रेगिस्तान में ही रूप लेती है,
पैरों के छाले ही
मंजिलों के द्वार खोलते हैं !

23 नवंबर, 2008

मन के रास्ते और ईश्वर !


मैं मन हूँ,
सिर्फ़ मन !
शरीर की परिधि से
बहुत अलग,बहुत ऊपर........
आम बातें मैं कर लेती हूँ कभी,
पर मन की राहों में सफर करना
मेरा सुकून है !
मन के रास्ते गीले होते हैं,
गिरने का डर होता है ,
तो अक्सर लोग
सूखे,बेमानी रास्तों में उलझ जाते हैं........
आंसुओं की भाषा में गिरना
उन्हें मुनासिब नहीं लगता !
उनकी जुबान में
ईश्वर तक बेमानी शक्ल ले लेता है,
सात्विक चेहरे से अलग
हीरे,मोतियों में जड़ हो जाता है !
हतप्रभ ईश्वर-
उस पिंजड़े को छोड़ जाता है
और मेरे
मुझ जैसों के संग-
भीगे रास्तों पर।
आम परिवेश में चलता है
....... ईश्वर अपनी करुणा के आंसू
इन्हीं रास्तों पर बहाता है !!!!!!!

17 अक्टूबर, 2008

प्रभु तुम और मैं !


कस्तूरी मृग बन मैंने ज़िन्दगी गुजारी
प्रभु तुम तो मेरे अन्दर ही सुवासित रहे !
मैं आरती की थाल लिए
व्यर्थ खड़ी रही
प्रभु तुम तो मेरे सुकून से आह्लादित रहे !
मेरे दुःख के क्षणों में
तुमने सारी दुनिया का भोग अस्वीकार किया,
तुम निराहार मेरी राह बनाने में लगे रहे
और मैं !
भ्रम पालती रही कि -
आख़िर मैंने राह बना ली !
मैं दौड़ लगाती रही,
दीये जलाती रही
- तुम मेरे पैरों की गति में,
बाती बनाती उँगलियों में स्थित रहे !
जब-जब अँधेरा छाया
प्रभु तुम मेरी आंखों में
आस-विश्वास बनकर ढल गए
और नई सुबह की प्रत्याशा लिए
गहरी वेदना में भी
मैं सो गई -
प्रभु लोरी बनकर तुम झंकृत होते रहे !

.............
प्रभु तुमने सुदामा की तरह मुझे अनुग्रहित किया
मुझे मेरे कस्तूरी मन की पहचान दे दी !

12 अक्टूबर, 2008

वक्त है ?


वक्त हो तो बैठो
दिल की बात करूँ....
कुछ नमी हो आंखों में
तो दिल की बात करूँ...
तुम क्या जानो,
अरसा बीता,
दिल की कोई बात नहीं की,
कहाँ से टूटा
कितना टूटा-
किसी को ना बतला पाई,
रिश्तों के संकुचित जाल में
दिल की धड़कनें गुम हो गईं !
पैसों की लम्बी रेस में
सारे चेहरे बदल गए हैं
दिल की कोई जगह नहीं है
एक बेमानी चीज है ये !
पर मैंने हार नहीं मानी है
दिल की खोज अब भी जारी है....
वक्त है गर तो बैठो पास
सुनो धड़कनें दिल की
इसमें धुन है बचपन की
जो थामता है -रिश्तों का दामन
फिर.............
वक्त हो तो बैठो,
दिल की कोई बात करूँ............

06 अक्टूबर, 2008

मन-से-मन तक !!!


शरीर की मानसिकता
मन तक कहाँ जाती है ?
मन के चरागाहों में घूमते
तुम रो पडोगे,
जब साथ चलनेवाला
शरीर से ऊपर नहीं उठ पाता !
तुम मन से गंगा को धरती पर लाओ,
कोई उपलब्धि नहीं............
पर,सिर्फ़ शरीर की परिधि में -
नाम,शोहरत....सब संभव है !
साहित्य कितनों को लुभाता है भला.....?
पर जिन किताबों में
अश्लीलता बेची जाती है,
वह क्षणांश में
हाथों-हाथ बिक जाती है !
दोष लिखनेवालों का कहाँ होता है,
वे तो मानसिकता को खुराक देते हैं !
शरीर मन का दूसरा पहलु है
इसे कम लोग जानते हैं
और यही जानकारी उन्हें रुलाती है !
मैं अक्सर उन आंसुओं को
करीने से सजाती हूँ
और मन-से-मन की उड़ान भरती हूँ !

27 सितंबर, 2008

मोह !!!!!!!


खट खट खट खट.........
मोह दरवाज़े पर
दस्तक देता रहता है !
कान बंद कर लूँ
फिर भी ये दस्तकें
सुनाई देती हैं -
और आंखों में
कागज़ की नाव बनकर तैरती हैं !
आँधी,तूफ़ान,घनघोर बारिश में लगा,
अब ये नाव डूब चली,
पर आँधी थमते
दस्तकें सुनाई देती हैं........
मैं आखिरी कमरे में चली जाती हूँ
पर मोह की दस्तकों से
मुक्त नहीं हो पाती.......
बैठ जाती हूँ हार के
....... प्रभु तुम ही कहते हो,
तुम्हारा क्या गया ?
तुम क्या लाये थे ?
तो - यह मोह,
क्यूँ मेरे साथ चलता है !

21 सितंबर, 2008

शून्य !


एक विस्फोट फिर !
आह !
क्या हो गया है !
कौन है !
सरकार क्या कर रही है !.....................
दुःख और दहशतनुमा सन्नाटे में
फर्क होता है !
सन्नाटे की भाषा नहीं होती
भाषाहीन - एक शून्य !
..........
अखबार के पन्नों पर
अपना खून नहीं होता
तो, स्थिति उतनी भयावह नहीं लगती,
सरगर्मी भरी बातचीत हो जाती है !
अपना खून !
विस्फोट मस्तिष्क में होता है
फिर-
निस्तेज आँखें !
मौन दर्द !
शब्दहीन शून्य रह जाता है !!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!

14 सितंबर, 2008

माँ माँ ...................


माँ,माँ
डर लगता है....................
माँ ने हाथ का घेरा बनाया
सीने से लगा लिया !
माँ,माँ,
बुरे सपने आते हैं...........
माँ ने तकिये के नीचे
हनुमान चालीसा रखा,
माथे पर ॐ लिखा
या फिर तकिये के नीचे
कैंची (लोहा)रख दी !
माँ,माँ ,
मेरी तबीयत ठीक नहीं.....................
माँ ने मिर्चा लेकर
नज़र उतारी !
.............................
अब हम बड़े हो गए हैं !
अब माँ को डर लगता है,
बुरे सपने आते हैं,
तबीयत ख़राब रहती है.......
बड़ी उकताहट होती है !
क्या माँ ,
दिमाग सठिया गया है !
झूठमूठ की घबराहट !
इस उम्र में ऐसा होता है !
....................
माँ बेचारगी से मुस्कुराती है,
ख़ुद अपने तकिये के नीचे हनुमान चालीसा रख लेती है
और करवट बदलकर
सोने का भ्रम देती
टुकुर-टुकुर समय को ताकती है..........................!!!

12 सितंबर, 2008

मानो तो.....


कविता तो पढ़ते हो ,
शब्दों की सुन्दरता का आकलन करते हो ,
'वाह' , 'वाह' भी करते हो...........
कभी लिखनेवाले के मर्म को जीया है?
समझा है उस घुटन को-
जो बेचैन से
किसी छोर से अकुलाते
अपनी मनःस्थिति को उजागर करते हैं !
.......
कभी जीकर देखो,
वहां तक-
कुछ ही हद तक पहुंचकर देखो........
तब कलम लो
और देखो,
वह क्या कहती है !
कवि की घुटन,
आंसू से शब्द,
अव्यवस्थित खांचे
गंगा की तरह होते हैं -
मानो तो पावन गंगा,
ना मानो तो -
बस एक नदी !

05 सितंबर, 2008

मेरी,तेरी,उसकी बात.........


(१)
मेरी तपस्या की अवधि लम्बी रही,
रहा घनघोर अँधेरा ,
सुबह - नए प्रश्न की शक्ल लिए
खड़ी रही..........
वो तो चाँद से दोस्ती रही
इसलिए सितारों का साथ मिला -
तपस्या पूरी हुई,
सितारे आँगन में उतर आए !

(२)
तुमने मुझे 'अच्छी'कहा
तो घटाएं मेरे पास आकर बैठ गयीं,
मेरी सिसकियों को अपने जेहन में भर लिया....
सारी रात घटाएं रोती रहीं,
लोग कहते हैं -
' अच्छी बारिश हुई '

(३)
घर तो यहाँ बहुत मिले
पर,
हर कमरे में कोई रोता है !
मेरे पास कोई कहानी नहीं,
कोई गीत नहीं,
मीठी गोली नहीं,
चाभीवाले सपने नहीं....
कैसे चुप कराऊँ ?
सपने कैसे दिखाऊं? -
कोई सोता भी तो नहीं.........

(४)
समुद्र मंथन से क्या होगा !
क्या होगा अमृत पाकर?
क्या मन की दीवारें गिर जायेंगी?
क्या जीने से उकताहट नहीं होगी?
क्या अमृत तुम्हारा स्वभाव बदल देगी?
............... इन प्रश्नों का मंथन करो
संभव हो - तो,
कोई उत्तर ढूंढ लाओ !

एक दृष्टिकोण यह भी...

  सीता धरती की पुत्री थीं। राजा जनक ने उन्हें पाया, अपनाया और पिता का स्नेह दिया। उनका जन्म किसी सामान्य पारिवारिक वंश परंपरा से नहीं जुड़ा ...