26 फ़रवरी, 2008

शब्द.........



आँधियाँ जब सर से होकर गुज़रती हैं,
दूसरे का दर्द...
समझ में आने लगता है।
पर,जो आँधियों में
दूसरे के दर्द से रास्ता निकालते हैं
उन्हें ज़िंदगी मज़ाक लगती है!
वे नहीं समझते उनकी तकलीफ
जो रात के घने अँधेरे में उठकर शब्द टटोलते हैं,
'शब्द' जो उनके दर्द का गवाह बन सकें,'
शब्द' जो दूर से किसी को ले आए
शब्द' जो रातों का मरहम बन जाए ......
आँधियाँ जब सर से होकर गुज़रती हैं
भीड़ में भी आदमी अकेला होता है
लोगों की बजाय ख़ुद से बातें करता है...........
जोड़-घटाव की परिक्रमा करता है!
आँधियों के रास्ते पार करते-करते
उनके सारे कार्य-कलाप
'मानसिक' हो जाते हैं....
बहुत मुश्किल होता है उन्हें समझना
क्योंकि ,उनका पूरा शरीर 'शब्द' बन जाता है
और ,
शब्दों के बीच आम इंसान बहुत घबराता है!
शब्दों का जोड़-घटाव उनके सर के ऊपर से गुजरता है
वे भला कैसे जानेंगे उनको-
जिनके सर से होकर आँधियाँ गुज़रती हैं......................

25 फ़रवरी, 2008

बोलो माँ,बोलो!!!!!!!!!!!

माँ,अब क्या करोगी?
कैसे लौटाओगी मुझे
उन रास्तों पर,
जो मेरे नहीं थे........
तुम भ्रम का विश्वास देती रही,
जिसे मैं सच्चाई से जीती गई...
जब भी ठेस लगी,
तुमने कहा-'जाने दो,
जो हुआ -यूँ ही हुआ'
ये 'यूँ ही' मेरे साथ क्यों होता है!
तुमने जिन रिश्तों की अहमियत बताई,
उन्होंने मुझे कुछ नहीं माना......
मैं तो एक साधन- मात्र थी माँ
कर्तव्यों की रास से छूटकर
जब भी अधिकार चाहा
खाली हाथ रह गई....
फिर भी,
तुम सपने सजाती गई,
और मैं खुश होती गई..........
पर झूठे सपने नहीं ठहरते
चीख बनकर गले में अवरुद्ध हो जाते हें
और कभी बूँद-बूँद आंखों से बह जाते हें!
इतनी चीखें अन्दर दबकर रह गईं
कि, दिल भर गया
इतने आंसू -कि,
उसका मूल्य अर्थहीन हो गया........
माँ,
ज़माना बदल गया है,
जो हँसते थे तुम्हारे सपनों पर
वे उन्हीं सपनों को लेकर चलने लगे हें
पर कुछ इस तरह,
मानों सपने सिर्फ़ उनके लिए बने थे.........
माँ,
मैंने तुमसे बहुत प्यार किया है,
और माँ,
मैं इस प्यार में जीती हूँ
पर माँ,
मैं तुम्हारे झूठे भ्रम को
अब अपनी पलकों में नहीं सजा पाउंगी,
तुम जो जोड़ने का सूत्र उठाती हो
उसे छूने का दिल नहीं होता........
लोग जीत गए माँ,
मेरा मिसरीवाला घर तोड़ गए
मैं ख़ुद नहीं जानती,
मैं कहाँ खो गई......
माँ,
अब तुम क्या करोगी?
कैसे लौटाकर लाओगी मुझे?
बोलो माँ, बोलो!!!!!!!!!!!!!!!!!!

20 फ़रवरी, 2008

आशीष...



माँ के गर्भ मे
अभिमन्यु ने चक्रव्यूह मे जाना सीखा
निकलने की कला जाने
उससे पहले , निद्रा ने माँ को आगोश मे लिया
भविष्य निर्धारित किया
चक्रव्यूह उसका काल बना !
मेरी आंखें, मेरा मन , मेरा शरीर
मंत्रों की प्रत्यंचा पर जागा है
तुम्हारे चक्रव्यूह को अर्जुन की तरह भेदा है
मेरी आशाओं की ऊँगली थाम कर सो जाओ
विश्वास रखो -
ईश्वर मार्ग प्रशस्त करेंगे


19 फ़रवरी, 2008

कल का सूरज......


शान्त नदी,
घनघोर अँधेरा,
एक पतवार और खामोशी-
यात्रा बड़ी लम्बी थी!
ईश्वर की करुणा
एक-एक करके पतवारों की संख्या बढ़ी ,
कल-कल का स्वर गूंजा
खामोशी टूटी
अँधेरा छंटने लगा
यात्रा रोचक बनी
प्यार की ताकत ने
किनारा दिखाया
उगते सूर्य को अर्घ्य चढाया .................

28 जनवरी, 2008

सौभाग्य ...



उपदेशक को नहीं भाता
उपदेश सुनना!
उपदेश देना उनका जन्म सिद्ध अधिकार होता है ...!!!
अक्सर ऐसा होता है
कि,
तथाकथित कर्मठ लोग
किसी के बहते खून से विचलित नहीं होते
दबाकर खून बंद करने की सलाह देते हैं
या अन्यमनस्क आंखों से
शब्दहीन घूरते रहते हैं.......
पर ऐसे कर्मठ भूशाई हो जाते हैं -
एक "फुंसी" से!
चेहरे की चमक गुम हो जाती है
सन्नाटा -सा छा जाता है
और सारे कर्मठ उनके इर्द -गिर्द बैठ जाते हैं
दर्द बाँट लेने को.......

ऐसे ही हालात थे
कुरुक्षेत्र के मैदान में
कर्तव्य,रिश्तों की रास थामे
पूरी सेना
दुर्योधन के साथ खड़ी थी,
और अर्जुन ने गांडीव नीचे रख दी थी!
रिश्तों की मर्यादा ,
संस्कारों के स्वर
बस अर्जुन के आगे खड़े थे....
सौभाग्य था_
गीता समझाने को
शक्ति बन श्री कृष्ण वहीं अड़े थे
और
सत्य की जीत की खातिर
पितामह बाणों की शय्या पर
जीवित रहे थे !!!!!!!!!!!..........

24 जनवरी, 2008

तीन स्तंभ !



















तुम
तीन,स्तंभ हो मेरी ज़िंदगी के,
जिसे ईश्वर ने विरासत में दिया .....

जाने कैसे कहते हैं लोग,
ईश्वर सुनता नहीं,
कुछ देखता नहीं ......

यदि यह सत्य होता,तो
मैं स्तंभ हीन होती।
तुम्हारे एक-एक कदम
मेरे अतीत का पन्ना खोलते हैं,
 पन्नों को देखकर,
फिर स्तंभ को देखकर
लोग नई बातें करते हैं......
यह दृष्टि-तुम्हारी देन है...

मेरी सफलता है यह
कि,
तुम संगमरमर से तराशे लगते हो
मेरा सुकून है-
तुम्हारे भीतर संगीत है प्यार का,तुम स्तंभ हो
मेरे सत्य का!

23 जनवरी, 2008

तुम्हारी सोच!!!


तुम्हारी नन्ही हथेली,
तुम्हारे नन्हें पांव,
तुम्हारी बिल्लौरी-सी चमकती आँखें,
तुम्हारा बचपन,
कैद रहा मेरे जेहन मे,
मेरे दिल मे,मेरे वजूद मे,..........
जो, मेरी सोच मे रंग लेता गया!
कब तुम्हारी ज़ुबान् कड़वी हुई,
कब तुम्हारी नज़रें तिरछी हुई,
कब तुमने "अपने घर" का वजूद कायम किया
मेरे मन को पता ही नही चला.........
पर,
जब मेरी सोच से भ्रम का पर्दा उतरा
तो आंसू कम पड़ गए......
मैंने अपनी इक्षाएं उढ़ेल दी थीं तुम्हारी खुशियों में,
जो भी किया,कम लगा.....
पर तुमने मेरी खुशियों को समझा तक नही,
औपचारिक चेहरा लेकर
टेढी मुस्कुराहट का जामा पहन लिया........
रोती हूँ,बहुत रोती हूँ पर अपनी सोच पर नही,
तुम्हारी सोच पर!!!

22 जनवरी, 2008

हरिनाम .......


ज़िंदगी विषमताओं ,विरोधाभासों से भरी थी,
कब सुबह हुई,
कब रात!
कुछ होश नही रहता था.....
अन्दर से आती दुर्गन्ध से जाना
सारी इक्षायें मर चुकी थीं ,
सड़ चुकी थीं......
उसके ऊपर सलाहों,ताने-बानों की
मक्खियाँ भिनभिना रही थीं.......
लेकिन कर्ण कवच ने साँसों की प्रत्यंचा थाम रखी थी!
युद्ध-भूमि मे उतरना था-
विश्वास करो या न करो ,
सारथी श्री कृष्ण बने
दिया उपदेश............
क्या है छल! क्या है भ्रम!........
विश्वास भरने को नरक का द्वार भी दिखाया...
जिन्हें महारथी माना था,
उनका असली रूप दिखाया-
फिर भी,
कमज़ोर मन कुतर्क करता गया ......
परेशान हरि ने तब पैसों की बारिश की
और कहा ,
"पीछे देखो......."
देखा अफरातफरी मची है.सब लुटने मे व्यस्त हैं...
किसी को किसी से मतलब नही है,
...........
मैं एक ज़िंदगी पर आंसू बहा रही थी,
यहाँ तो जिंद गानियाँ रुला रही थीं!
कातर दृष्टि से हरि को देखा,
हरि मुस्काये,
सर सहलाया,
निस्सारता का पाठ पढाकर
हारे को हरिनाम दिया...........

17 जनवरी, 2008

अमृत



मकसदों की आग तेज हो
मनोबल की हवाएँ हो
तो वो आग बुझती नहीं है
मंजिल पा कर ही दम लेती है...
आँधियाँ तो नन्हें दीपक से हार जाती हैं
सच है ,
क्षमताओं को बढाने के लिए
आँधी तूफ़ान का होना ज़रूरी होता है...
प्रतिभाएं तभी स्वरूप लेती हैं
जब वक़्त की ललकार होती है....
जो ज़मीन बंज़र दिखाई देती हैं
उससे उदासीन मत हो....
ज़रा नमी तो दो
फिर देखो वह क्या देती है
हाथ , दिल, मस्तिष्क , दृष्टि लिए
प्रभु तुम्हारे संग हैं
सपनो की बारीकियां देखो
फिर हकीकत बनाओ....
तुम्हारे ऊपर है
हाथ को खाली देखते हो
या सामर्थ्यापूर्ण!
मन अशांत हो
तो घबराओ मत
याद रखो ,
समुद्र मंथन के बाद ही
अमृत निकलता है....

16 जनवरी, 2008

मान



कुन्ती पुत्र कर्ण
"सूत पुत्र" की धार पर
क्षत्रिय होने का क़र्ज़ चुकाता रहा।
कर्तव्य ! परिवार ! राज्य के नाम पर
अपने "स्व" की परीक्षा देता गया
कुन्ती की एक खामोशी ने
उसके जीवन का सम्पूर्ण अध्याय बदल डाला
हर कदम पर
एक परिचय के नाम पर
अपमान का गरल पीता गया
सगे भाइयों के होते
भ्राता हीन रहा...
हर रिश्ते की नाज़ुक डोर से वंचित ही रहा
कुन्ती ने हर बार व्यथा का ढोंग किया
मात्री धर्म के नाम पर
पांच पुत्र का दान लिया
परोक्ष मे माता ने
कर्ण को मृत्यु दान दिया !
इतने बडे ढोंग व्यूह के आगे
दुर्योधन ने ही आगे बढ़ कर साथ दिया
कुन्ती दे न सकी अपना नाम कभी
दुर्योधन ने राज्याभिषेक के साथ
कर्ण को क्षत्रिय कुल का मान दिया

मायने बदल जाते हैं...



जब मासूम ज़िन्दगी अपने हाथों में,
अपनी शक्ल में मुस्कुराती है
तो जीवन के मायने बदल जाते हैं...
बचपन नए सिरे से दौड़ लगाता है!
कहाँ थे कंकड़, पत्थर?
कहाँ थी काई ?
वर्तमान में जीवंत हो जाते हैं॥
नज़रिये का पुनर्आंकलन
मासूम ज़िन्दगी से जुड़ जाते हैं...
जो हिदायतें अभिभावकों ने दी थी
वो अपनी जुबान पर मुखरित हो जाते हैं!
हमने नहीं मान कर क्या खोया
समझने लगते हैं
नज़र, टोने-टोटके पर विश्वास न होकर भी
विश्वास पनपने लगते हैं!
"उस वृक्ष पर डायन रहती है...."
पर ठहाके लगाते हम
अपनी मासूम ज़िन्दगी का हाथ पकड़ लेते हैं
"ज़रूरत क्या है वहाँ जाने की?"
माँ की सीख, पिता का झल्लाना
समय की नाजुकता समय की पाबंदी
सब सही नज़र आने लगते हैं!
पूरी ज़िन्दगी के मायने
पूरी तरह बदल जाते हैं

एक दृष्टिकोण यह भी...

  सीता धरती की पुत्री थीं। राजा जनक ने उन्हें पाया, अपनाया और पिता का स्नेह दिया। उनका जन्म किसी सामान्य पारिवारिक वंश परंपरा से नहीं जुड़ा ...