25 मार्च, 2009

रुख मोड़ना आता है .........


चिड़िया तिनके ले मशगूल है
- घर बनाने में,
रोशनदान वाली जगह पसंद है !
जब भी कोई बाहरी आवाज़ आती है,
चिड़िया मासूम निगाहों से
मुझे देखती है,
' तुम तो माँ हो !
मेरे नीड़ की अहमियत बताना ज़रा
इन उदासीन लोगों को,
देखना,
कोई मेरी मेहनत नाकाम ना कर जाए !'
...........................................
छोटी कटोरी में पानी देकर
मैं उसे भरोसा देती हूँ..........
अपनी नन्हीं चोंच उसमें डुबाकर
वह आश्वस्त होती है,
और मैं !
अतीत के स्याह सायों में
डूबने लगती हूँ..............
डर ! डर ! डर !!!
यही तो था मेरे पास .............
मेरा दिल स्वतः कहता है,
' मैं जानती हूँ चिड़िया,
माँ के दर्द, उसकी ख्वाहिशों को,
उसके भय को........
तुम निर्भय रहो,
एक माँ तुम्हारी सुरक्षा में खड़ी है,
आँधी,तूफ़ान सब रोक दूँगी
तुम्हारे नन्हे चिडों के लिए
..........
मुझे तूफानों का रुख
मोड़ना आता है !'

20 मार्च, 2009

खामोशी !


दुःख की सरहदों पर
अपने-अपने दर्द को लिए
- हम दोस्त हैं ....
कहीं कोई दिल दहलानेवाला
विस्फोट नहीं होता...
होती है,
आंसुओं की मौन भाषा
- जहाँ सारी दूरी
मिट जाती है ,
रह जाती है
- आंखों की शून्यता !
- जहाँ
देश विभाजित नहीं होता,
न ही जाति,धर्म की
चिंगारियां होती हैं.......
होती हैं बस -
अपने-अपने हिस्से को खोने की खामोशी,
खामोशी !
सिर्फ़ खामोशी !!!

14 मार्च, 2009

मैं और आत्मा !


कई बार ......
मैं अलग होती हूँ,
मेरी आत्मा अलग होती है,
- हम अजनबी की तरह मिलते हैं !
मेरी आंखों से अविरल आंसू बहते हैं,
और आत्मा -
हिकारत से मुझे देखती है !
.......दरअसल, उसने कई बार मुझे उठाया है,
और मैं !
हर बार,
उद्विग्नता के घर जा बैठती हूँ !
आत्मा ने अक्सर
मेरे लड़खडाते क़दमों को
हौसले की स्थिरता दी है,
परमात्मा का रूप दिखाया है.....
पर मैं,
अक्सर अपनी कमज़ोर सोच लिए
उससे परे खड़ी हो जाती हूँ !
मुझे पता है ,
बिना उसके
मेरा कोई अस्तित्व नहीं ....

फिर भी-
अपनी नियति का बोझ
उस पर डाल देती हूँ.....
श्वेत पंखों के बावजूद
आत्मा अपनी उड़ान रोक
मेरे हौसले बुलंद करती है
और हिकारत से देखते हुए ही सही
मुझमें समाहित हो
मुझे एक मकसद दे जाती है..............

09 मार्च, 2009

नन्हें मायने !


मेरे पास
मेरी कल्पनाओं का
विस्तृत आकाश है,
और है -
कल्पनाओं के मेघ,
चाँद का खिलौना,
तारों की चमकती पोटली,
एक सतरंगी इन्द्रधनुष !
.....
हर दिन,
आकाश को टांगती हूँ,
कभी श्वेत,कभी श्याम बादलों को
उड़ा देती हूँ....................
रात-दिन के क्रम में
अपने खजाने से
चाँद,सूरज निकालती हूँ,
तारों के धवल चादर पर,
मोहक सपने बिखेर देती हूँ ,
अनंत इक्षाओं की प्राप्ति का
एक सूत्र देती हूँ..................
जब भी कोई तारा टूटता है,
लोग 'विश्' मांगते हैं
और टूटा तारा
फिर मेरी पोटली में !
कल्पनाओं के महासागर में....
मझे अपनी ज़िन्दगी के
नन्हें-नन्हें मायने मिल जाते हैं.........................

27 फ़रवरी, 2009

होता है न ?


कभी-कभी
मैं प्रोज्ज्वलित तेज़ होती हूँ,
कभी
सारी पृथ्वी,
डगमगाती नज़र आती है,
कभी हौसला मेरी मुठ्ठी में होता है,
कभी कमज़ोर आंसू थमते नहीं...........
मैं ही सच होती हूँ,
मैं ही झूठ !
मैं ही अनंत,
मैं ही शून्य.....
क्या यह सबके साथ होता है?
क्या डर और हौसला साथ चलते हैं?
क्या सच की दीवार में ,
झूठ की मिलावट ज़रूरी है?
क्या यही सामान्य स्थिति है?
.... इन प्रश्नों के भंवर में,
सारा दिन गुजरता है....
मैं ही प्रश्न बनती हूँ,
मैं ही उत्तर.....
मैं ही वक्ता,
मैं ही श्रोता ,
मैं ही द्रष्टा....................
सच कहना -
तुम्हारे साथ भी
ऐसा होता है न ?

03 फ़रवरी, 2009

लक् बाई चांस ....


जोया अख्तर द्बारा निर्मित फ़िल्म ' luck by chance' आज की कहानी है। यूँ तो कहानी फ़िल्म इंडस्ट्री में संघर्ष की है , पर यह स्थिति आज हर जगह है ।
बेहतर हो हम अपनी बातों का सफर इस गाने को सुनते हुए करें ...........

Get this widget Track details eSnips Social DNA


आंखों में सपने लिए , मंजिल की ऊंचाई पर दृष्टि टिकाये पूरी युवा पीढी खड़ी है। घर से दूर,जाने कैसी-कैसी परिस्थितियों की आग का धुंआ उनकी घुटन बन जाता है ।
एक लडकी प्राप्य के लिए साधन बनती है,उसे यही रास्ता सरल लगता है, और साधक.....वक्त आने पर उसके सपनों को टुकडों में बिखेर देता है। विरोध? किसका? और कैसे?
पति-पत्नी का रिश्ता भी नाटकीय है,पैसे की गर्मजोशी है........प्यार ढूंढा तो सपने गए !
एक और आज की सच्चाई है कि कोई किसी की सही मायनों में तारीफ़ नहीं करता,किसी से बिना मतलब बात नहीं करता और मतलब की बातचीत भी मज़बूरी है। ऊपर उठने की चाह में किसी का भी सर इस्तेमाल करो। पैसा,पैसा .........बस पैसा, मर्यादा से ऊपर पैसा, हर रिश्ते का वजूद खोखला है !
पूरी फ़िल्म एक सोच देती है - मध्यांतर के बाद शाहरुख़ खान के द्बारा जो शब्द कहे गए हैं, उसका महत्व जानते हुए भी गुमराह नायक...........प्राप्य है शोहरत और पैसा !
जोया अख्तर की पहली फ़िल्म अलग-अलग पहलुओं पर विचार करने को प्रेरित करती है, वाकई यह फ़िल्म प्रशंसा से ऊपर है !

30 जनवरी, 2009

कवि सुमित्रानंदन पन्त से एक मुलाकात अबोध मन की............


आज मैं आपको प्रकृति कवि सुमित्रानंदन पन्त जी से मिलवाने समय के उस बिन्दू पर ले चलती हूँ,जहाँ मुझे नहीं पता था कि वे कौन हैं ,उनकी महत्ता क्या है !
नन्हा बचपन,नन्हे पैर,नन्ही तिलस्मी उड़ान सपनों की और नन्ही-नन्ही शैतानियाँ- उम्र के इसी अबोध,मासूमियत भरे दिनों में मैं अपने परिवार के साथ इलाहाबाद गई थी। मेरे पापा,मेरी अम्मा, हम पाँच भाई-बहन -छोटे भाई के फूल संगम में प्रवाहित करने गए थे। उम्र को मौत के मायने नहीं मालूम थे, बस इतना पता था कि वह नहीं है - फूल,संगम .... अर्थ से बहुत परे थे।
आंसुओं में डूबे दर्द के कुछ टुकड़े मेरे पापा,मेरी अम्मा ने संगम को समर्पित किया, पानी की लहरों के साथ लौटती यादों को समेटा और लौट चले वहां , जहाँ हम ठहरे थे। हाँ , संगम का पानी और माँ की आंखों से गिरते टप-टप आंसू याद हैं। और याद है कि हम कवि पन्त के घर गए (जो स्पेनली रोड पर था)। माँ उन्हें 'पिता जी' कहती थीं,कवि ने उनको अपनी पुत्री का दर्जा दिया था, और वे हमारे घर की प्रकृति में सुवासित थे, बाकी मैं अनजान थी।
उस उम्र में भी सौंदर्य और विनम्रता का एक आकर्षण था, शायद इसलिए कि वह हमारे घर की परम्परा में था।
जब हम उनके घर पहुंचे, माथे पर लट गिराए जो व्यक्ति निकला.....उनके बाल मुझे बहुत अच्छे लगे,बिल्कुल रेशम की तरह - मैं बार-बार उनकी कुर्सी के पीछे जाती.....एक बार बाल को छू लेने की ख्वाहिश थी। पर जब भी पीछे जाती, वे मुड़कर हँसते..... और इस तरह मेरी हसरत दिल में ही रह गई।
उनके साथ उनकी बहन 'शांता जोशी' थीं, जो हमारे लिए कुछ बनाने में व्यस्त थीं । मेरे लिए मीठा,नमकीन का लोभ था, सो उनके इर्द-गिर्द मंडराती मैंने न जाने कितनी छोटी-छोटी बेकार की कवितायें उन्हें सुनाईं.....कितना सुनीं,कितनी उबन हुई- पता नहीं, बस रिकॉर्ड-प्लेयर की तरह बजती गई ।
दीदी,भैया ने एक जुगलबंदी बनाई थी -
'सुमित्रानंदन पन्त
जिनके खाने का न अंत', .... मैं फख्र से यह भी सुनानेवाली ही थी कि दीदी,भैया ने आँख दिखाया और मैं बड़ी मायूसी लिए चुप हो गई !
फिर पन्त जी ने अपनी कवितायें गाकर सुनाईं, माँ और दीदी ने भी सुनाया..... मैं कब पीछे रहती -सुनाया,'नानी तेरी मोरनी को मोर ले गए....'
उसके बाद मैंने सौन्दर्य प्रिय कवि के समक्ष अपने जिज्ञासु प्रश्न रखे - ' नाना जी, पापा हैं तो अम्मा हैं, मामा हैं तो मामी , दादा हैं तो दादी......फिर यहाँ नानी कहाँ हैं?'प्रकृति कवि किसी शून्य में डूब गए, अम्मा, पापा सकपकाए , मैं निडर उत्तर की प्रतीक्षा में थी (बचपन में माँ,पिता की उपस्थिति में किसी से डर भी नहीं लगता)। कुछ देर की खामोशी के बाद कवि ने कहा ,'बेटे, तुमने तो मुझे निरुत्तर कर दिया,इस प्रश्न का जवाब मेरे पास नहीं....' क्या था इन बातों का अर्थ, इससे अनजान मैं अति प्रसन्न थी कि मैंने उनको निरुत्तर कर दिया, यानि हरा दिया।
इसके बाद सुकुमार कवि ने सबका पूरा नाम पूछा - रेणु प्रभा, मंजु प्रभा , नीलम प्रभा , अजय कुमार और मिन्नी !
सबके नाम कुछ पंक्तियाँ लिखते वे रुक गए, सवाल किया - 'मिन्नी? कोई प्रभा नहीं ' - और आँखें बंदकर कुछ सोचने लगे और अचानक कहा - 'कहिये रश्मि प्रभा , क्या हाल है?' अम्मा ,पापा के चेहरे की चमक से अनजान मैंने इतराते हुए कहा -'छिः ! मुझे नहीं रखना ये नाम ,बहुत ख़राब है। एक लडकी-जिसकी नाक बहती है,उसका नाम भी रश्मि है................' पापा ने डांटा -'चुप रहो', पर कवि पन्त ने बड़ी सहजता से कहा, 'कोई बात नहीं , दूसरा नाम रख देता हूँ' - तब मेरे पापा ने कहा - 'अरे इसे क्या मालूम, इसने क्या पाया है....जब बड़ी होगी तब जानेगी और समझेगी ।'
जैसे-जैसे समय गुजरता गया , वह पल और नाम मुझे एक पहचान देते गए ।
वह डायरी अम्मा ने संभालकर रखा है , जिसमें उन्होंने सबके नाम कुछ लिखा था। मेरे नाम के आगे ये पंक्तियाँ थीं,
' अपने उर की सौरभ से
जग का आँगन भर देना'...........
कवि का यह आशीर्वाद मेरी ज़िन्दगी का अहम् हिस्सा बन गया......इस नाम के साथ उन्होंने मुझे पूरी प्रकृति में व्याप्त कर दिया ।

03 जनवरी, 2009

आप क्या कहना चाहेंगे ?


मैं एक सच्चा वाक्या प्रस्तुत करती हूँ आपके आगे - देश के ऐसे नागरिकों को क्या आप संवेदनशील कहेंगे ? क्या यह होती है देश के प्रति निष्ठा? हाँ , बातें हैं देश के लिए ही !.......
मेरा बेटा, ( जो एक आर्मी ऑफिसर है ) - ट्रेन से अपने लोकेशन पर जा रहा था। उसी कम्पार्टमेंट में एक महाशय एक लड़की पर प्रभाव जमाते हुए जोश में कह रहे थे - जवाब देना है, हमें हाथ-पर-हाथ रखकर नही बैठना है! मैं चाहता हूँ युद्ध हो, मैं अनुभव करना चाहता हूँ......... बहुत देर से उनकी बातें सुन रहा था मेरा बेटा, अनुभव की बात पर उसने पूछा - "क्या आपके घर का कोई सदस्य फौज में है?" उन्होंने कहा - 'नही'। मेरे बेटे ने कहा - 'फिर? फिर आप क्या अनुभव कर पाएँगे और किस मायने में? पहले अपने घर से किसी को देश की सुरक्षा में भेजें , फिर ऐसी बात कहें..........!!!'

वो महापुरुष थोड़ा रुके और फिर अपना प्रश्न दागा - 'आप क्या करते हैं?' बड़े फक्र से मेरे बेटे ने कहा - 'मैं फौज में हूँ, मैं एक आर्मी ऑफिसर हूँ!'

उन्होंने तो चुप्पी साध ली, पर आप कहिये - क्या यह कोई टाइम पास मसला है, या कोई बौद्धिक अनुभव?

29 दिसंबर, 2008

दुआओं के दीप........


आंसुओं की नदी में
मैंने अपने मन को,
अपनी भावनाओं को
पाल संग उतार दिया है.........
आंसुओं के मध्य
जाने कितनी अजनबी आंखों से
मुलाक़ात हो जाती है-
फिर उन लम्हों को पढ़ते हुए
मेरी आँखें
उनके जज्बातों की तिजोरी बन जाती हैं.........
जाने कितनी चाभियाँ
गुच्छे में गूंथी
मेरी कमर में,मेरे साथ चलती हैं.....
और रात होते
मेरे सिरहाने,
मेरे सपनों का हिस्सा बन जाती हैं,
जहाँ मैं हर आंखों के नाम
दुआओं के दीप जलाती हूँ !

23 दिसंबर, 2008

अम्मा के लिए......




मेरी कलम ने अम्मा के नाम लिखा है, पर यह एक आम सोच है..... क्रम जीवन का चलता रहता है , सोच जाने कैसे-कैसे रूप लेती रहती है ! बात उम्र की होती है या परिस्थितियों की........ पता नहीं , पर अपनी-अपनी धुरी पर सबकी
अपनी सोच होती है.........
एक प्रयास है हमारी भावना अम्मा के लिए---------------

हर दिन
एक शब्द तलाश करती हूँ
जो तुम्हे खुशी दे...........
मैं हार जाती हूँ, तुम्हारी निराशा के आगे
निराशा !?!
........ उम्र तो बढती ही जाती है
शरीर थकता ही जाता है
और फिर मुक्ति.....
यह तो शाश्वत क्रम है,
पर वजूद तो पूरी ज़िन्दगी का सार है !
.... अवश शरीर से यह मत सोचो
' अब मेरी क्या ज़रूरत ?'......
तुमने जो किया,
और हम जितने तुम्हारे करीब हैं
वैसा कईयों के हिस्से नहीं आता
....... सिर्फ़ यही महसूस करो
तो सुकून की बारिश से राहत मिलेगी !
माँ,
जिन चूजों को तुमने पंखों की ओट दी थी
उनके पंख भी ओट देते थक चले हैं
उनके पंखों की भाषा भी सीमित हो गई है !
पर उस भाषा में,
उनकी जिम्मेदारियों के मध्य तुम हो
और यह -
उनका गुरुर है ,
विवशता नहीं.....................

18 दिसंबर, 2008

कैसे कहें?


'जो बीत गई,वो बात गई........!'
अगर ऐसा होता रहा
तो पास क्या रह जाएगा !
आज की हर तस्वीर
कल की ही तो परछाईं है !
उसे मिटा दें
तो फिर जज्बातों,संवेदनाओं का क्या होगा !
वे सितारे जो टूटे
और हमने 'विश' माँगा
--उसे भूल जायें?
कैसे?
कैसे कह दें,
जो बीत गई...................

प्रीतम एंड पेद्रो

 कभी किसी से माफ़ी मांग लो,कभी किसी को माफ़ कर भी दो... यही शायद प्रीतम एंड पेद्रो की सबसे बड़ी सीख है। यह फिल्म सिर्फ़ एक कहानी नहीं सुनाती...